डीपीओ महेंद्र कुमार गौतम ने प्रस्तुत की कार्ययोजना, जल संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी पर जोर
सोनभद्र। विश्व नदी दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-BHU), वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में सोनभद्र की छोटी नदी लौवा के पुनरोद्धार की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, लखनऊ की पहल “एक नदी एक पहल” के तहत प्रदेश के चयनित 15 जिला परियोजना अधिकारियों (DPOs) को अपनी-अपनी नदियों की पुनरोद्धार कार्ययोजना प्रस्तुत करने के लिए नामित किया गया था।

इसी क्रम में श्री महेंद्र कुमार गौतम, डीपीओ, जिला गंगा समिति सोनभद्र (वन विभाग) ने लौवा नदी की वर्तमान स्थिति, प्रमुख चुनौतियों और उसके पुनर्जीवन के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना का विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया।
कार्यक्रम में लौवा नदी के संरक्षण, जल प्रवाह को बनाए रखने, जलग्रहण क्षेत्र के विकास तथा संरचनात्मक एवं सामुदायिक उपायों के माध्यम से नदी के दीर्घकालिक पुनरोद्धार पर विशेष चर्चा हुई। कार्ययोजना में स्थानीय स्तर पर नदी संरक्षण को मजबूत करने और जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
प्रस्तुतीकरण के उपरांत राज्य जल शक्ति मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने डीपीओ महेंद्र कुमार गौतम को सहभागिता एवं प्रस्तुतीकरण के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
लौवा नदी के पुनरोद्धार की यह पहल सोनभद्र की छोटी नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। “एक नदी एक पहल” के माध्यम से स्थानीय नदियों को पुनर्जीवित करने के प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

