सर्पदंश से युवक घायल, सीएचसी दुद्धी में उपचार जारीबारिश के मौसम में सावधानी बरतने की अपील

(जितेंद्र कुमार)दुद्धी, सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव में शुक्रवार की शाम एक युवक सर्पदंश का शिकार हो गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार रजखड़ निवासी अजीत मौर्य (26) पुत्र मिश्रीलाल मौर्य शुक्रवार शाम अपने चाचा की दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे उनका पैर अनजाने में एक सांप पर पड़ गया, जिससे सांप ने उनके बाएं पैर में डंस लिया। सर्पदंश के बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी, जिस पर साथ मौजूद लोगों और परिजनों ने बिना देर किए निजी वाहन से उन्हें सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। सीएचसी की चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने बताया कि युवक का प्राथमिक उपचार कर आवश्यक दवाएं दी गई हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है और लगातार स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।
बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों से खेत-खलिहान, झाड़ियों तथा अंधेरे स्थानों पर जाते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की सलाह दी है।

ये भी पढ़िए