तकनीकी जांच और बैंक समन्वय से पूरी रकम खाते में हुई वापस, 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल शिकायत करने की अपील
सोनभद्र। थाना अनपरा की साइबर हेल्प डेस्क ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ₹4,70,268.84 की पूरी धनराशि वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आदर्श नगर निवासी सलीम पुत्र बाके राय के साथ 27 मार्च 2026 को अज्ञात साइबर ठगों ने स्वयं को अधिकारी बताकर यह कहकर डराया कि उनका आधार कार्ड अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल हुआ है। झांसे में लेकर ठगों ने उनके बैंक खाते से ₹4,70,268.84 की धनराशि निकाल ली। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क ने मामले की गहन जांच की। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शनों का पता लगाया गया और संबंधित बैंकों व नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर धनराशि को समय रहते होल्ड (फ्रीज) कराया गया। नियमानुसार रिवर्सल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित के खाते में पूरी राशि वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने सोनभद्र पुलिस एवं थाना अनपरा की साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यप्रणाली की सराहना की। साइबर टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक सोमदत्त द्विवेदी, हेड कांस्टेबल आनंद मोहन बिंद साइबर हेल्प डेस्क शामिल रहे।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात नंबर से प्राप्त APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें, केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही मोबाइल ऐप डाउनलोड करें, ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

