विद्यालयों, बाजारों और ग्राम सभाओं में चलाया जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में मिशन शक्ति टीमों ने संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध हिंसा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे सामाजिक विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और ओटीपी साझा न करने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या महिला उत्पीड़न एवं साइबर अपराध की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

