चारों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 337 शिकायतों में 27 का मौके पर निस्तारण

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। जिले की चारों तहसीलों में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलेभर में कुल 337 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
ओबरा तहसील में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। इस दौरान भूमि विवाद समेत विभिन्न मामलों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। ओबरा तहसील में 119 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। राबर्ट्सगंज तहसील में उप जिलाधिकारी अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 36 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 6 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।
घोरावल तहसील में उप जिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी ने 97 शिकायतें सुनीं। इनमें से 8 मामलों का मौके पर समाधान कराया गया, जबकि शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
दुद्धी तहसील में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 85 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 7 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 78 प्रकरणों को समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़िए