सोनभद्र, । राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जनपद में जुलाई माह के निःशुल्क राशन वितरण की शुरुआत हो गई है। खाद्य एवं रसद विभाग के निर्देश पर 6 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक सभी उचित दर की दुकानों के माध्यम से राशन वितरित किया जाएगा। इस दौरान अंत्योदय कार्डधारकों को अप्रैल, मई और जून माह के सापेक्ष चीनी का भी लाभ मिलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम खाद्यान्न (10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम चावल) निःशुल्क दिया जाएगा। साथ ही तीन माह के सापेक्ष 3 किलोग्राम चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलोग्राम खाद्यान्न (1 किलोग्राम गेहूं और 4 किलोग्राम चावल) पूरी तरह निःशुल्क मिलेगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिन लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किसी कारणवश नहीं हो पा रहा है, वे 20 जुलाई तक मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से भी राशन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि जिन परिवार के सदस्यों की ई-केवाईसी (e-KYC) अभी तक नहीं हुई है, वे जल्द से जल्द अपनी उचित दर की दुकान पर जाकर प्रक्रिया पूरी करा लें, ताकि भविष्य में राशन वितरण का लाभ बिना किसी परेशानी के मिलता रहे।

