दिनदहाड़े लाखों की चोरी से दहला ओबरा, CCTV में कैद हुए चोर; 35 हजार नकद व 5 लाख के गहने लेकर फरार

(ऋषभ सिंह)ओबरा । सोनभद्र के ओबरा नगर में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की वारदात ने लोगों में दहशत फैला दी। बेखौफ चोरों ने दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच मुख्य बाजार स्थित एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मुख्य बाजार के वार्ड नंबर-11 निवासी सावित्री तिवारी, पत्नी स्वर्गीय सरयू तिवारी, के घर में चोर घुस गए और घर में रखे 35 हजार रुपये नकद तथा लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गए।
घटना के बाद घर के अंदर एक से अधिक लोगों के पैरों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात को कई चोरों ने मिलकर अंजाम दिया। सबसे अहम बात यह है कि चोरों की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।


सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। ओबरा थाना क्षेत्र के चोपन रोड स्थित TVS एजेंसी के पास हुई इस दिनदहाड़े चोरी ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात से अपराधियों के बढ़ते हौसलों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ये भी पढ़िए