सोनभद्र में संचारी रोगों पर वार, गांव-गांव चला स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान

सोनभद्र। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जनपद में गुरुवार को व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और शहरी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों का निरीक्षण एवं मरम्मत कराई गई। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाते हुए जलभराव और गंदगी को दूर करने पर जोर दिया गया, ताकि मच्छरजनित एवं अन्य संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत सहायकों तथा सफाईकर्मियों की संयुक्त टीमों ने घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वच्छता अपनाने, साफ पानी का उपयोग करने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए, जबकि पशुपालकों और किसानों के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

ये भी पढ़िए