(अशोक कुमार सिंह)सोनभद्र। प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान जनहानि को कम करने और विद्यार्थियों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से जनपद के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में व्यापक आपदा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत विद्यालय परिसरों में आपदा से बचाव एवं सुरक्षा संबंधी पोस्टर लगाए जा रहे हैं। प्रतिदिन प्रार्थना सभा और कक्षा शिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं को भूकंप, आकाशीय बिजली, बाढ़, आग लगने तथा अन्य आपदाओं के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहें, सुरक्षित स्थान पर जाएं, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की सहायता करने के प्रति भी प्रेरित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन की जानकारी देने का उद्देश्य बच्चों में जागरूकता विकसित करना, जोखिम को कम करना तथा उन्हें अपने परिवार और समाज की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विद्यालयों में यह अभियान नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है, ताकि आपदा प्रबंधन के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित हो सके।

