(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। खरीफ अभियान-2026 के तहत किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। जनपद की सहकारी समितियों एवं अधिकृत उर्वरक केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति के आधार पर 41 सहकारी समितियों को 603.36 मीट्रिक टन यूरिया तथा 36 सहकारी समितियों को 462.00 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित किया गया है। पीसीएफ द्वारा समितियों एवं उर्वरक बिक्री केंद्रों तक उर्वरकों की आपूर्ति लगातार कराई जा रही है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति अथवा अधिकृत उर्वरक केंद्र से ही निर्धारित सरकारी मूल्य पर उर्वरक खरीदें। यदि कहीं उर्वरकों की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूले जाने या कृत्रिम अभाव की जानकारी मिले तो तत्काल सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय अथवा उप कृषि निदेशक कार्यालय को सूचना दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर प्रशासन की लगातार निगरानी बनी हुई है।

