माफियाओं पर अनपरा पुलिस का शिकंजा: 1.31 करोड़ की संपत्ति कुर्क, अवैध कमाई पर करारा प्रहार

अनपरा (सोनभद्र)। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति को न्यायालय के आदेश पर कुर्क कराया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप है और कानून का सख्त संदेश गया है कि अवैध कमाई पर अब प्रशासन और पुलिस की कड़ी नजर है। थाना अनपरा में दर्ज मुकदमा संख्या 149/2025 के अभियुक्त भागीरथी मौर्या की 1 करोड़ 31 लाख 25 हजार 276 रुपये से अधिक मूल्य की अचल संपत्ति को अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एसीजेएम, सोनभद्र के आदेश पर कुर्क किया गया। न्यायालय ने मुकदमा संख्या 767/2026 (राज्य बनाम भागीरथी मौर्या) में धारा 107 बीएनएसएस के अंतर्गत 15 जुलाई 2026 को यह आदेश पारित किया था।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी दुद्धी रवि पासवान एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मुर्धवा स्थित आराजी संख्या 557ग की भूमि तथा उस पर बने मकान को कुर्क किया। इसके साथ ही मौजा कटौधी स्थित एक अन्य भूमि भी जब्त की गई। दोनों अचल संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 1.31 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके अलावा अभियुक्त की किआ सोनेट (UP64AV5255) कार भी न्यायालय के आदेश पर जब्त कर ली गई। अनपरा पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई को अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति पर कानून का शिकंजा लगातार कसता रहेगा और अपराधियों के आर्थिक तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़िए