MRM पोर्टल और बैंक समन्वय से त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों ने पुलिस का जताया आभार
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शक्तिनगर साइबर टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार दो लोगों की कुल ₹35,510 की धनराशि उनके बैंक खातों में वापस कराई है। पुलिस के अनुसार, थाना शक्तिनगर क्षेत्र के बीना निवासी युगल किशोर तिवारी एवं अंकिता तिवारी साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। अज्ञात साइबर अपराधियों ने दोनों के खातों से ऑनलाइन धनराशि ट्रांसफर करा ली थी। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना शक्तिनगर की टीम ने तत्काल संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर धनराशि को होल्ड कराया तथा MRM पोर्टल के माध्यम से पूरी राशि सफलतापूर्वक पीड़ितों के खातों में वापस करा दी।
वापस कराई गई धनराशि में युगल किशोर तिवारी को ₹7,000 तथा अंकिता तिवारी को ₹28,510 लौटाए गए। धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) एवं साइबर टीम का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक रंजित कुमार (साइबर प्रभारी), उपनिरीक्षक दिनेश गौतम एवं महिला कांस्टेबल नीलम सिंह की प्रमुख भूमिका रही।
साइबर सुरक्षा की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

