खाद संकट पर भड़के संदीप मिश्र, बोले— अन्नदाताओं का अनादर तत्काल बंद हो

सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में “पेड़ हैं तो प्राण हैं” अभियान के तहत नगवां ब्लॉक के गोटीबांध गांव में सैकड़ों परिवारों के बीच आम के पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान लोगों को पौधे लगाकर उनकी सुरक्षा करने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान खलियारी साधन सहकारी समिति से खाद वितरण में अव्यवस्था की शिकायत मिलने पर मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल समिति पहुंचा और किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों की शिकायतों पर संदीप मिश्र ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी से स्वयं सहकारी समितियों का निरीक्षण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल दोषी सचिवों का वेतन रोकना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जांच में दोषी पाए जाने वालों को निलंबित कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, तभी व्यवस्था में सुधार आएगा।
संदीप मिश्र ने मांग की कि सभी किसानों को उनके रकबे के अनुसार प्रति बीघा एक बोरी डीएपी एवं यूरिया उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती प्रभावित न हो।
इस दौरान किसान रमेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि सचिव द्वारा अधिक पैसे लेकर खाद वितरित की जा रही है। वहीं परशुराम यादव ने कहा कि किसानों के साथ इतनी बड़ी अव्यवस्था पहले कभी नहीं देखी गई और वर्तमान व्यवस्था में किसानों का उत्पीड़न हो रहा है।
कार्यक्रम में प्रदीप जायसवाल, सुनील मिश्र, रमेश गुप्ता, परशुराम यादव, विनय सिंह, दिनेश चेरो, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, संजय बियार, विजय चौहार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए