गुम मोबाइल तलाशने में सोनभद्र पुलिस अव्वल, जून में प्रदेश में तीसरी रैंक

सोनभद्र। आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और जनसेवा के क्षेत्र में सोनभद्र पुलिस ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन में संचालित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल अभियान के तहत गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी में माह जून-2026 में 64.55 प्रतिशत सफलता दर के साथ पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इससे पहले भी सोनभद्र पुलिस ने अप्रैल और मई-2026 में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया था। लगातार तीन माह तक प्रदेश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जनपदों में शामिल रहकर सोनभद्र पुलिस ने तकनीकी दक्षता, प्रभावी समन्वय और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।
मोबाइल बरामदगी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें हेड कांस्टेबल आनंद मोहन बिंद, महिला कांस्टेबल संध्या पाण्डेय, कांस्टेबल रोहित यादव, अखिलेश कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर जय प्रकाश, अमृतांशु, शिवपूजन यादव, प्रदीप कुमार वर्मा, संतोष कुमार, पंकज पाल, सूर्या सिंह, अनिल कुमार मौर्य, अभिषेक शुक्ला तथा महिला कांस्टेबल शैल्जा सिंह शामिल हैं। सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और जनपद के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने अप्रैल, मई और जून-2026 के दौरान CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कुल 750 गुम/खोए मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए, जिन्हें विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने सोनभद्र पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सभी पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।


जनहित में अपील:


सोनभद्र पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने या गुम होने पर बिना विलंब CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किया जा सके।

ये भी पढ़िए