रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी
मानसून में सांपों की बढ़ी सक्रियता, सीएचसी दुद्धी में चल रहा घायलों का उपचार
दुद्धी (सोनभद्र)। मानसून की दस्तक के साथ ही दुद्धी क्षेत्र में सांप काटने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। रविवार देर शाम से सोमवार शाम तक अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और दो किशोरियों को सांप ने डस लिया। तीनों पीड़ितों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में जारी है।
पहली घटना रविवार देर शाम ग्राम कोड़रा थाना हाथीनाला की है, जहां 35 वर्षीय फूलमती पत्नी संत कुमार अपने बेटे को खोजने निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात सर्प ने उन्हें काट लिया। परिजन तत्काल उन्हें सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार है।
दूसरी घटना सोमवार सुबह रजखड़ गांव की है। 14 वर्षीय आकांक्षा पुत्री सुभाष कुशवाहा खेत की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में रसेल वाइपर (जाड़ा) सांप ने उसके पैर में डस लिया। परिजन उसे तुरंत सीएचसी दुद्धी ले गए, जहां डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में उपचार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि किशोरी की हालत स्थिर है।
वहीं तीसरी घटना सोमवार शाम पिपरडीह गांव में हुई, जहां 17 वर्षीय सुबसिया कुमारी पुत्री रामा धान की रोपाई के दौरान अज्ञात जहरीले जीव के काटने से घायल हो गई। उसे परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। खेतों, झाड़ियों और घरों के आसपास सांप निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में प्रतिदिन सर्पदंश की घटनाओं की सूचना मिल रही है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाएं और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें, ताकि समय पर उपचार मिल सके।

