सोनभद्र, : जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों द्वारा साफ-सफाई, जनजागरूकता और संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। गांवों में झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, हैंडपंपों का क्लोरीनीकरण, फॉगिंग तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को तेज कर दिया गया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान में सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और ग्राम प्रधान सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू, टीबी, आईएलआई, डायरिया सहित अन्य संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, ग्राम सभाओं का आयोजन, स्वच्छता अभियान, फॉगिंग और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। वहीं दस्तक अभियान के तहत बुखार, आईएलआई, टीबी, डायरिया एवं अन्य संक्रामक रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर उनकी जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य समय रहते रोगों की रोकथाम कर जनपद को संचारी रोगों से सुरक्षित रखना है।

