विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना: आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 7 अगस्त तक करें आवेदन

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत जनपद के परंपरागत कारीगरों एवं शिल्पकारों को राहत देते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के अंतर्गत बढ़ई, नाई, दर्जी, लोहार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, हलवाई, कुम्हार, मोची और धोबी सहित विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ आधुनिक टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने रोजगार को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ा सकें।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी diupmsme.upsdc.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आयु एवं आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा आवश्यकतानुसार जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज संलग्न करना होगा। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा सोनभद्र का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, सोनभद्र से संपर्क कर सकते हैं। उपायुक्त उद्योग ने पात्र कारीगरों एवं शिल्पकारों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

ये भी पढ़िए