डीएलएसए सोनभद्र की टीम ने मिर्जापुर सम्प्रेक्षण गृह का किया निरीक्षण, 23 सोनभद्र के किशोरों से की मुलाकात
सोनभद्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) सोनभद्र ने बुधवार को माननीय उच्च न्यायालय एवं जनपद न्यायाधीश के निर्देश पर राजकीय बाल सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), मिर्जापुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने सोनभद्र के 23 सहित कुल 76 निरुद्ध किशोरों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं तथा उन्हें उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
निरीक्षण दल में अपर जनपद न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) श्री ओमकार शुक्ला एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री राहुल शामिल रहे। किशोरों को प्ली बार्गेनिंग, शिक्षा का अधिकार, नशा उन्मूलन, नालसा की विभिन्न योजनाओं तथा कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। सभी किशोरों ने बताया कि उन्हें सम्प्रेक्षण गृह में भोजन, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुसार मिल रही हैं।
निरीक्षण के दौरान सम्प्रेक्षण गृह के प्रभारी सहायक अधीक्षक विजय कुमार राय को साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन, शिक्षा, चिकित्सा, खेलकूद एवं मनोरंजन की समुचित व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में रॉबर्ट्सगंज स्थित आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में ‘मिशन शक्ति’ एवं कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (POSH Act-2013) विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला शिक्षिकाओं सहित करीब 150 छात्राओं को महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल विवाह निषेध, शिक्षा का अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता, महिला सशक्तिकरण तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री राहुल ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं एवं किशोरों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक कर न्याय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना है।

