ODOP योजना: सोनभद्र के 300 हस्तशिल्पियों व उद्यमियों को मिलेगा 10 दिवसीय प्रशिक्षण और निःशुल्क टूलकिट

सोनभद्र,। उत्तर प्रदेश सरकार की एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के हस्तशिल्पियों, उद्यमियों एवं कारीगरों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण के साथ निःशुल्क टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना के तहत जनपद को 300 लाभार्थियों का वार्षिक लक्ष्य आवंटित किया गया है।
उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन diupmsme.upsdc.gov.in पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन के साथ पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा सोनभद्र का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, सोनभद्र से संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त उद्योग ने जिले के पात्र युवाओं, कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।

ये भी पढ़िए