वाहन की टक्कर से हुई थी गाय की मौत, अब तक नहीं हटाया गया शव
दुद्धी (सोनभद्र)जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी। दुद्धी विकासखंड के ग्राम पंचायत जाबर स्थित कनहररेश्वर महादेव मंदिर के समीप एनएच-39 (रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग) पर पिछले दो दिनों से एक मृत गाय का शव पड़ा हुआ है। शव नहीं हटाए जाने से आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार को मल्लदेवा निवासी एक व्यक्ति के वाहन की चपेट में आने से जाबर निवासी लक्ष्मण प्रसाद की गाय की मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोप है कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक गाय के शव को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था किए बिना ही चला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से शव हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे सड़क पर दुर्गंध फैल रही है और लोगों का वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृत गाय के शव को तत्काल हटाकर उचित निस्तारण कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

