डीएम चर्चित गौड़ के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, अवैध अस्पतालों के ओटी और ओपीडी सीज

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर जनपद में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी एवं कलेक्शन सेंटरों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज एवं घोरावल क्षेत्र में सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान मानकों का उल्लंघन एवं बिना वैध अभिलेखों के संचालित संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कई अस्पतालों के ओपीडी और ऑपरेशन थियेटर (ओटी) सीज कर दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलावती क्लीनिक (घोरावल), विश्वास हॉस्पिटल, हेल्थ केयर हॉस्पिटल तथा सम्राट हॉस्पिटल के ओपीडी एवं ओटी को सीज किया गया। इसके अलावा गुड हेल्थ हॉस्पिटल तथा सीटी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर भी सीज किए गए।
वहीं धनवंतरी हॉस्पिटल (छपका), आशीर्वाद हॉस्पिटल (छपका), कृष्णा हॉस्पिटल, न्यू यथार्थ हॉस्पिटल (उरमौरा), ओम हॉस्पिटल (उरमौरा) तथा ओम हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर (रोडवेज बस स्टैंड, रॉबर्ट्सगंज) को कमियों के संबंध में नोटिस जारी कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी एवं कलेक्शन सेंटरों की भी जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर न्यू अंशिका पैथोलॉजी, डॉ. लाल पैथोलॉजी (शाहगंज एवं घोरावल) तथा निशान हॉस्पिटल के सामने संचालित पैथोलॉजी (रॉबर्ट्सगंज) को सीज कर दिया गया। इसके अलावा लाइफ लाइन हॉस्पिटल, उरमौरा के विरुद्ध भी सीज की कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि बिना मानक एवं बिना वैध पंजीकरण के संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लोगों से केवल पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों में ही उपचार कराने की अपील की गई।

ये भी पढ़िए