पैक्स समितियों के कम्प्यूटरीकरण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने की प्रगति की समीक्षा

22 समितियों में प्रथम चरण के कार्य की समीक्षा, दूसरे चरण की 23 समितियों का कम्प्यूटरीकरण समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश

सोनभद्र,। जनपद में सहकारी व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण समितियों) कम्प्यूटरीकरण योजना की जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं निगरानी समिति (डीएलआईएमसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत जनपद में चल रहे कम्प्यूटरीकरण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रथम चरण के अंतर्गत चयनित 22 पैक्स समितियों में कम्प्यूटरीकरण की प्रगति का आकलन किया गया, जबकि द्वितीय चरण में चयनित 23 समितियों में कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने ई-पैक्स प्रणाली लागू करने, हस्तांतरण प्रमाण-पत्र जारी करने, हैंड होल्डिंग एवं तकनीकी सहायता, आवश्यक कंप्यूटर उपकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी लंबित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान नवगठित पैक्स समितियों को भी कम्प्यूटरीकरण योजना से जोड़ने, शासन से प्राप्त वित्तीय सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा योजना के सफल संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि पैक्स समितियों का कम्प्यूटरीकरण सहकारी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और किसान हितैषी बनाएगा। इससे किसानों को डिजिटल माध्यम से बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से योजना को पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक में सहकारिता विभाग, जिला सहकारी बैंक, एनआईसी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए