सोनभद्र। राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी में शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की प्रथम बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से 25 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। श्रीमती हीरावती देवी को समिति का अध्यक्ष तथा श्रीमती संगीता को उपाध्यक्ष चुना गया।
बैठक के दौरान विद्यालय के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से भवन निर्माण समिति एवं शैक्षणिक समिति का भी गठन किया गया। इसके साथ ही अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता, विद्यालय में अनुशासन, कैरियर काउंसिलिंग, छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा अन्य शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया और शिक्षा के बेहतर वातावरण के निर्माण पर जोर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार त्रिपाठी ने बैठक को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों, समिति सदस्यों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

