सोनभद्र,। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने अन्तर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 86 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹43 लाख, तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की किआ कार, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹680 नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹55 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को लोढ़ी टोल प्लाजा से पूर्व ईको प्वाइंट के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली किआ कार से तीन लोग उड़ीसा से गांजा लेकर वाराणसी की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी और सीट के पास खाकी टेप से लिपटे 35 बंडल बरामद हुए। जांच और इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इनका कुल वजन 86 किलोग्राम निकला। गांजे को चार प्लास्टिक बोरियों में सील कर नियमानुसार कब्जे में लिया गया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और ₹680 नकद भी बरामद हुए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फुलवानी, उड़ीसा से गांजा लेकर वाराणसी पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, गांजा पहुंचाने के बदले कार चालक राजकुमार पासवान को करीब ₹30 हजार, विकास कुमार राय को ₹25 हजार और विनोद साव को करीब ₹15 हजार दिए जाने थे। पूछताछ में सामने आए अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार पासवान निवासी रामशहर, थाना बड़हरा, भोजपुर (आरा), बिहार; विकास कुमार राय निवासी सुरंगापुर, थाना संदेश, भोजपुर (आरा), बिहार और विनोद साव निवासी मटुकपुर, थाना बड़हरा, भोजपुर (आरा), बिहार के रूप में हुई है।
मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0-705/2026, धारा 8/20/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्तर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई। टीम में प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज रामस्वरूप वर्मा, निरीक्षक नागेश सिंह सहित थाना पुलिस, चौकी लोढ़ी, चौकी चुर्क और एसओजी/सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

