करमा लोक नृत्य ने बांधा समां, पौधरोपण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सोनभद्र। जिला गंगा समिति सोनभद्र के तत्वावधान में वन विभाग एवं नगर पंचायत चुर्क के संयुक्त सहयोग से ‘सेवा ही संकल्प’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खजुराहो (मध्य प्रदेश) के सांसद उपस्थित रहे। विधायक अनिल मौर्य एवं विधायक भूपेश चौबे की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सोनभद्र के मूल निवासी कलाकारों ने पारंपरिक करमा लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। लोक नृत्य के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।
मुख्य अतिथि सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वक्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ओम प्रकाश यादव, डीपीओ महेंद्र गौतम, चुर्क रेंज ऑफिसर अभिषेक यादव, डिप्टी आरएफओ सौरभ भार्गव, जेआरएफ प्रमोद, वन दरोगा दीपक पटेल सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नगर पंचायत की टीम एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

