अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियार तस्करों पर कसें शिकंजा: डीआईजी पूनम

मीरजापुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर पूनम ने गूगल मीट के माध्यम से परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आगामी गणेश उत्सव एवं प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के साथ ही वांछित, पुरस्कार घोषित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायती प्रार्थना पत्रों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा भूमि विवादों को राजस्व विभाग के सहयोग से समाधान दिवसों में प्रभावी ढंग से निस्तारित कराया जाए। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए रात्रि गश्त मजबूत करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग करने तथा चोरी, लूट सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों का यक्ष एप के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

गौ-तस्करों पर गैंगस्टर और संपत्ति जब्ती की कार्रवाई

डीआईजी ने गो-तस्करी, मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। गो-तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ उनके अपराध से अर्जित चल-अचल संपत्ति जब्त कराने को कहा गया। गो-तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों को शासनादेश के अनुसार जब्त कराने के भी कड़े निर्देश दिए गए।
उन्होंने अवैध शराब एवं अवैध शस्त्रों के निर्माण, खरीद-बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा टॉप-10 अपराधियों पर गुंडा, गैंगस्टर एवं धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध संपत्ति जब्तीकरण और जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।

महिला अपराध और पॉक्सो मामलों में तेजी के निर्देश

महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई के निर्देश देते हुए डीआईजी ने पॉक्सो एक्ट के मामलों की विवेचना प्रत्येक दशा में दो माह के भीतर पूर्ण कराने को कहा। साथ ही न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को शीघ्र सजा दिलाने पर जोर दिया गया। गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आबकारी अधिनियम, चिन्हित माफिया तथा संपत्ति संबंधी अपराधों में समयबद्ध विवेचना एवं निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

गणेश विसर्जन को लेकर विशेष सतर्कता

गणेश उत्सव एवं प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विसर्जन स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय एवं कार्यक्रम का कड़ाई से पालन कराने, विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखने के निर्देश देते हुए डीआईजी ने कहा कि भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल संज्ञान लेकर उसका खंडन किया जाए। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी विभिन्न गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

ये भी पढ़िए