पुलिस की चेकिंग देख जंगल में भागा, 11 गोवंश छोड़कर नहीं बच सका तस्कर

दुद्धी/सोनभद्र। गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 11 गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को थाना दुद्धी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पिकअप वाहन में 11 गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर बीजपुर/लिलासी की ओर से आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कर्चा टोला मधुवन जंगल के पास चेकिंग शुरू कर दी।
बताया गया कि पुलिस की चेकिंग देखकर पिकअप चालक वाहन को जंगल की ओर ले गया और उसमें लदे गोवंशों को नीचे उतारकर बांध दिया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी 11 गोवंशों को बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फरीद अंसारी पुत्र सफीक अंसारी (31 वर्ष), निवासी चिनिया, थाना चिनिया, जनपद गढ़वा, झारखंड को गिरफ्तार किया। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 263/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/8 एवं पशु क्रूरता अधिनियम, 1960 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय सोनभद्र भेज दिया।
पुलिस टीम कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, व0उ0नि0 संजय सिंह, उ0नि0 श्यामानंद यादव, कांस्टेबल धीरज पटेल, कांस्टेबल राहुल बिन्द तथा महिला कांस्टेबल पूजा देवी शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर शाहनी के निर्देशन में पुलिस की इस कार्रवाई को गोवंश तस्करी के विरुद्ध अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए