तेज रफ्तार बाइक ने पैदल राहगीर को मारी टक्कर, BHU में मौत

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से हुआ था हादसा, मृतक की पत्नी ने दी तहरीर


रिपोर्ट: मदन मोहन, नौगढ़ (चंदौली) नौगढ़। थाना क्षेत्र के तेदुआ गांव (पश्चिम पार) के पास 10 सितंबर की शाम तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान बीएचयू ट्रामा सेंटर, वाराणसी में मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी ने नौगढ़ थाने में तहरीर देकर नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चकरघट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम देउरा निवासी कल्लू उर्फ मंसूर आलम मुहम्मद, जो वर्तमान में तेदुआ पश्चिम पार, नौगढ़ में रहते थे, 10 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे तेदुआ पुल से सब्जी खरीदकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोनभद्र जिले के ग्राम गिदहवा बहेरी निवासी रामप्रवेश पुत्र कान्ता अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP 64 AL 9617 से तेज रफ्तार में वहां पहुंचा।
आरोप है कि मोटरसाइकिल चालक ने लापरवाही एवं तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए पैदल जा रहे कल्लू उर्फ मंसूर आलम को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर, वाराणसी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 11 सितंबर को उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मुन्नी बेगम ने नौगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार मोटरसाइकिल चालक एवं उसके साथियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच के बाद पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़िए