हिंदी: हमारी चेतना और स्वाभिमान का स्वर है

बभनी/सोनभद्र(अरुण पांडेय)

बभनी(सोनभद्र)​14 सितंबर का दिन केवल कैलेंडर का एक पन्ना बदलने या औपचारिकता निभाने का अवसर नहीं है। यह दिन भारत की आत्मा, हमारी सांस्कृतिक धरोहर और जन-गण-मन की भाषा ‘हिंदी’ के प्रति हमारे समर्पण को आंकने का दिन है।

​हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की विविधता को एक सूत्र में पिरोने वाली जीवनदायिनी डोर है। स्वतंत्रता संग्राम के दिनों में स्वामी दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस जैसे गैर-हिंदी भाषी महापुरुषों ने भी हिंदी को ही देश की एकता का सबसे सशक्त माध्यम माना था।

कारण स्पष्ट था—हिंदी की सरलता, इसकी सुग्राह्यता और इसका व्यापक जनाधार। आज भी, कश्मीर से कन्याकुमारी तक और वैश्विक मंचों पर, हिंदी भारत की पहचान और आम जनमानस की आवाज बनकर गूंज रही है।

​लेकिन इस गौरव गाथा के साथ एक कड़वा सच यह भी है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और डिजिटल युग में हिंदी अपने ही घर में कई चुनौतियों से जूझ रही है। हम अपनी ही भाषा को हिनभावना की दृष्टि से देखने की भूल कर बैठते हैं। अंग्रेजी का ज्ञान निश्चित रूप से वैश्विक अवसरों के लिए आवश्यक है, पर इसका अर्थ यह कदापि नहीं कि हम अपनी मातृभाषा की अनदेखी करें। जिस देश की नई पीढ़ी अपनी मूल भाषा और साहित्य से कट जाती है, वह अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी दूर हो जाती है।

​राहत की बात यह है कि बदलते दौर के साथ हिंदी ने भी नई तकनीक को सहर्ष अपनाया है। इंटरनेट, सोशल मीडिया, समाचार पोर्टल और एआई के इस युग में हिंदी सामग्री की मांग में अप्रत्याशित उछाल आया है। आज का युवा हिंदी में लिखने, पढ़ने और कंटेंट बनाने में गर्व महसूस कर रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि हिंदी केवल इतिहास का पन्ना नहीं, बल्कि भविष्य की सशक्त राह है।
​आइए, इस हिंदी दिवस पर हम केवल भाषणों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने दैनिक जीवन में हिंदी को प्राथमिकता देने का संकल्प लें। अपने पत्राचार तकनीकि और बातचीत में हिंदी का सम्मान प्रयोग करें। क्योंकि भाषा समृद्ध होगी,तभी हमारी हमारी संस्कृति और देश का स्वाभिमान की अक्षुण्ण रहेगा।

ये भी पढ़िए