चोपन/सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट के मामले में वांछित चल रहे 19 वर्षीय अभियुक्त संदीप यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को मारकुंडी मार्केट निवासी आकाश कुमार गुप्ता ने थाना चोपन में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दुकान के बकाया पैसे को लेकर हुए विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष ने उसके और उसके परिजनों के साथ लाठी-डंडे एवं लोहे की रॉड से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। मामले में थाना चोपन पर मु0अ0सं0 362/2026, धारा 191(2), 115(2), 109(1), 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित अभियुक्त संदीप यादव पुत्र स्व. भोला यादव, निवासी ग्राम मारकुंडी, थाना चोपन, सोनभद्र, उम्र करीब 19 वर्ष को पुलिस ने 18 सितंबर को दोपहर 1:15 बजे मेन रोड मारकुंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश, कांस्टेबल श्रीकान्त कुमार एवं कांस्टेबल सुधीर कुमार शामिल रहे।

