किशोरियों को दिया गया स्वरक्षा एवं महिला अधिकारों का प्रशिक्षण

गुड टच-बैड टच से लेकर हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, 138 महिलाओं व बालिकाओं ने किया प्रतिभाग


सोनभद्र,। जिलाधिकारी के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग सोनभद्र की ओर से विकासखंड चोपन के पंचायत भवन चौरा में किशोरियों एवं महिलाओं के लिए जागरूकता एवं स्वरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्डलाइन एवं हंस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान किशोरियों को लैंगिक संवेदनशीलता, आत्मरक्षा के प्रभावी उपाय, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के विकास तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही POSH एक्ट, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, गुड टच-बैड टच और लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम को लेकर भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में विस्तार से बताया गया और पंपलेट वितरित किए गए।
प्रशिक्षकों ने बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संकट की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए 181, 1098, 112, 102, 1090 एवं 1076 हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सफरुद्दीन, विजय कुमार पटेल, डिप्टी मैनेजर शिखा सिंह, आरती, अंगारा, मानती, पिंकी, शीला एवं सुनीता सहित लगभग 138 महिलाओं एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक बनाना रहा।

ये भी पढ़िए