बाल विवाह के खिलाफ निकली जागरूकता रैली, छात्र-छात्राओं ने दिया बाल विवाह मुक्त समाज का संदेश

सोनभद्र,। महिला कल्याण विभाग के निर्देश एवं जिलाधिकारी के निर्देशन में बुधवार को हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वूमेन, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा वन स्टॉप सेंटर की टीम ने हंस वाहिनी इंटर कॉलेज कसया कला से पंचायत भवन तकिया तक बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता कार्यक्रम एवं रैली आयोजित की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने जागरूकता नारों के साथ लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया।
कार्यक्रम में जेंडर एक्सपर्ट सीमा द्विवेदी एवं साधना मिश्रा, मिशन कॉर्डिनेटर नीतू यति, चाइल्ड हेल्पलाइन की केस वर्कर सीमा शर्मा तथा वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को बाल विवाह की रोकथाम और इसके सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की तथा 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है।
टीम ने लोगों से अपील की कि आसपास कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच के बारे में भी जागरूक किया गया तथा बाल विवाह की सूचना संबंधित विभाग तक पहुंचाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्र सहित राजेंद्र प्रसाद पांडे, सुमन, सैलमती, अरुण त्रिपाठी, चंद्रकांत मिश्र, सतीश यादव, कमलेश सिंह और मनोज कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। निर्धारित 1265 के सापेक्ष कुल 630 छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उपस्थित लोगों ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाकर समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग का संकल्प लिया।

ये भी पढ़िए