(अरुण पांडेय)बभनी(सोनभद्र)। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत मंगलवार को बभनी ब्लॉक में “हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी” कार्यक्रम के तहत हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों से आए बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया और मानक के अनुसार स्वस्थ बच्चों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में पोषण माह के उपलक्ष्य में लगाए गए पोषण स्टॉल पर स्थानीय अनाज, मोटा अनाज, हरी सब्जियां, दालें एवं अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों को चखा और उनकी सराहना की।
आंगनबाड़ी केंद्रों से लाए गए सभी बच्चों को थाली, कटोरी, चम्मच का वितरण किया गया। वहीं मानक के अनुसार सबसे स्वस्थ पाए गए बच्चों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को टैड्डी बियर देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीतसिंह खरवार रहे। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा –
“स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ प्रदेश और स्वस्थ भारत की नींव है। आंगनबाड़ी कार्यकत्री गांव की पहली डॉक्टर हैं। पोषण माह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को कुपोषण से मुक्त करने का संकल्प है। सरकार की मंशा है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो।”
विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा ने कहा – “भाजपा सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का सपना है कि हर बच्चा स्वस्थ और शिक्षित बने।”
भाजपा जिला मंत्री जवाहर जोगी ने कहा- “आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का कार्य सराहनीय है। हेल्दी बेबी जैसी प्रतियोगिता से माता में भी अपने बच्चों के पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खंड विकास अधिकारी रूपेश मंडल ने कहा-“हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी सिर्फ नारा ही नहीं है हम सभी का दायित्व है कि हम अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी को गोद लेकर उसे आदर्श बनाएं सभी विभाग मिलकर कुपोषण को हराने का काम करेंगे।
इस मौके पर बाल विकास परियोजना कार्यालय के बड़े बाबू पप्पू शर्मा मुख्य सेविका चमेली देवी देवंती देवी सहित ब्लॉक के समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रिया सहायिकाएं वह बड़ी संख्या में धात्री महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन अरविंद दुबे के द्वारा किया गया।

