दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण कराने पर मंथन, व्यापारियों से पुलिस ने मांगा सहयोग

चकरघट्टा। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चकरघट्टा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस प्रशासन और क्षेत्र के व्यापारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की।
थाना प्रभारी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय दुकानदारों से अपील की कि पूजा पंडालों और बाजारों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही। साथ ही त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष नौगढ़ अभिमन्यु प्रजापति, जिला विधिक सलाहकार राम जियावन सिंह यादव, महामंत्री राजकुमार पाल, लालसब यादव, युवा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित क्षेत्र के कई व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक के अंत में व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व मनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: मदन मोहन, नौगढ़/चन्दौली

ये भी पढ़िए