सोनभद्र। अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और बीएनएस के गंभीर मुकदमे में वांछित फरार अभियुक्त को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना रायपुर पुलिस, थाना रामपुर बरकोनिया, थाना माँची और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार थाना रायपुर में दर्ज मु0अ0सं0-163/2025 में वांछित राजा कुरैशी उर्फ हासिन कुरैशी (32 वर्ष) निवासी ग्राम बलिहट्टा, थाना पण्डुआ, जनपद हुगली (पश्चिम बंगाल) की लोकेशन सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के माध्यम से पश्चिम बंगाल में मिली। इसके बाद संयुक्त पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल पहुंचकर 17 जुलाई 2026 को पण्डुआ थाना क्षेत्र के जोईपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाया गया और रविवार को आवश्यक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109, 61(2), आर्म्स एक्ट तथा गोवध निवारण अधिनियम के तहत गंभीर आरोप दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।
इस अभियान में थाना रायपुर, रामपुर बरकोनिया, माँची एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि फरार एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

