दुद्धी को जिला बनाने की मांग पर गरजे अधिवक्ता, कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी को जिला घोषित करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। शनिवार को जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले अधिवक्ताओं और आंदोलनकारियों ने कचहरी के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन कर सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर “दुद्धी को जिला बनाओ, विकास कराओ” के गगनभेदी नारे लगाए।
मोर्चा के वक्ता प्रेमचंद यादव और रामपाल जौहरी ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की मांग पिछले दो दशकों से लगातार उठ रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से 2025 तक सरकार ने इस मुद्दे पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। उनका कहना था कि प्रदेश के कई जिलों की जनसंख्या दुद्धी से कम होने के बावजूद उन्हें जिला बनाया गया, जबकि दुद्धी के मामले में मानकों का हवाला देकर मांग को टाला जा रहा है।
अधिवक्ताओं ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाए जाने से क्षेत्र के लाखों लोगों को प्रशासनिक, न्यायिक और विकास संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी तथा लोगों को लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर जनआंदोलन के साथ-साथ कानूनी लड़ाई भी तेज की जाएगी।
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र

ये भी पढ़िए