‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण, विजेता छात्राओं को किया गया सम्मानित
सोनभद्र,। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग, सोनभद्र द्वारा शुक्रवार को द आर्यन एकेडमी, संत नगर (रॉबर्ट्सगंज) में कला एवं मेहंदी प्रतियोगिता, पौधरोपण तथा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशन, मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी पुनीत टंडन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कला प्रतियोगिता में कक्षा 5 की माही ने प्रथम, कक्षा 7 की परी मिश्रा ने द्वितीय तथा अनिका त्रिपाठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में कक्षा 9 की मानवी मौर्या प्रथम, शुभांगी मौर्या द्वितीय एवं कक्षा 6 की अनुराधा राजवंशी तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और महिला कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जेंडर स्पेशलिस्ट साधना मिश्रा ने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
दीपिका सिंह ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला (विधवा) पेंशन योजना तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या चित्रा जालान ने पौधरोपण करते हुए “बेटियां बचेंगी तभी पढ़ेंगी”, “बेटी है तो कल है” और “पौधा है तो जीवन है” का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित 127 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर बेटी शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

