नौगढ़ में पंचायत विकास योजना “PoP” पर ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण, गुणवत्ता आधारित विकास पर दिया गया जोर

नौगढ़ (मदन मोहन)चंदौली। विकासखंड नौगढ़ के सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत पंचायत विकास योजना (PoP) विषय पर एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में विकासखंड के सभी ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम पंचायत सहायकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपेंद्र साहनी, एडीओ आईएसबी अनिल कुमार, ग्राम पंचायत सचिवों एवं सहायकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण उपनिदेशक पंचायत, वाराणसी मंडल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपेंद्र साहनी ने बताया कि पंचायत विकास योजना (PoP) के तहत ग्राम पंचायतों के समग्र एवं निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए जीपीडीपी (GPDP) में 15 गुणवत्ता संकेतकों को शामिल किया गया है। इन मानकों के आधार पर 100 अंकों का स्कोरिंग फ्रेमवर्क तैयार किया गया है, जिससे पंचायतों के कार्यों का डेटा आधारित मूल्यांकन किया जाएगा।
प्रशिक्षण में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करते समय ग्राम सभाओं में महिलाओं, बुजुर्गों, अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) के लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही मुख्य ग्राम सभा से पहले महिला सभा एवं बाल सभा का आयोजन भी अनिवार्य रूप से किया जाए।
मास्टर ट्रेनरों ने पंचायत प्रोफाइल को नियमित रूप से अपडेट करने, स्वयं के आय स्रोत (OSR) बढ़ाने तथा कार्ययोजना में कम लागत और बिना लागत वाली गतिविधियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान ‘मेरी पंचायत हरित पंचायत’ एवं ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन-2026’ विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य मास्टर ट्रेनर रामकुमार भारती एवं उषा शर्मा ने पंचायत सचिवों एवं सहायकों को तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में विकासखंड के सभी ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम पंचायत सहायक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए