एएसपी ऑपरेशन ने परेड में परखी पुलिसकर्मियों की फिटनेस, वाहनों की भी हुई चेकिंग

सोनभद्र। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक परेड की अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट एवं अनुशासन का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता और ड्यूटी के प्रति तत्परता बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ एवं टोलीवार ड्रिल कराई गई। एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने पुलिसकर्मियों के साथ शस्त्र अभ्यास में स्वयं प्रतिभाग कर आवश्यक अभ्यास भी किया।
इसके बाद उन्होंने यू0पी0-112 एवं विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग की। वाहनों की साफ-सफाई, तकनीकी स्थिति तथा आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता का निरीक्षण करते हुए सभी वाहनों को सदैव कार्यशील एवं उपयोग योग्य स्थिति में रखने के निर्देश दिए।
एएसपी ऑपरेशन ने क्वार्टर गार्द, परिवहन शाखा, स्टोर, पुलिस रेडियो केंद्र, साइबर केंद्र एवं बैरक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपराध की रोकथाम, आमजन की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तत्परता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़िए