दुद्धी पहुंचे मंत्री को बार एसोसिएशनों ने सौंपा 8 सूत्रीय ज्ञापन

घूसखोर लेखपालों पर कार्रवाई, उपकोषागार की बहाली और न्यायालय परिसर में सुविधाएं बढ़ाने की उठी मांग


(जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी, सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा के बुधवार को दुद्धी आगमन पर दुद्धी बार एसोसिएशन एवं सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की आठ प्रमुख समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में दिए गए ज्ञापन में राजस्व, न्यायिक, स्वास्थ्य, विद्युत, संचार और वित्तीय सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई।
बार एसोसिएशन ने ज्ञापन में तहसील दुद्धी के कई लेखपालों पर भूमि क्रय-विक्रय में दलाली, रिश्वतखोरी तथा पेशेवर बिचौलियों को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोप लगाए। आरोपित लेखपालों के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच कर उन्हें अन्य तहसीलों अथवा जनपदों में स्थानांतरित करने की मांग की गई। साथ ही धारा-80 की फाइलों को कथित रूप से अवैध तरीके से निस्तारित करने और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में दुद्धी स्थित वाह्य दीवानी एवं फौजदारी न्यायालय परिसर की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायालय परिसर में वादकारियों और अधिवक्ताओं के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने पक्का वादकारी कक्ष, चहारदीवारी, मुख्य द्वार, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, पार्किंग, कुएं की मरम्मत तथा सोलर पैनलों के माध्यम से निर्बाध विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
बार एसोसिएशन ने थाना हाथीनाला से संबद्ध किए गए आठ गांवों के आपराधिक मामलों की चार्जशीट रॉबर्ट्सगंज भेजे जाने का भी विरोध किया। अधिवक्ताओं का कहना था कि इन गांवों के राजस्व एवं दीवानी मामले आज भी दुद्धी न्यायालय में चलते हैं, इसलिए आपराधिक मामलों की चार्जशीट भी दुद्धी स्थित न्यायालय में ही प्रस्तुत कराई जाए, जिससे ग्रामीणों को न्याय प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में दुद्धी उपकोषागार को पुनः स्थापित करने की मांग करते हुए कहा गया कि गलत आंकड़ों और अधिकारियों की लापरवाही के कारण इसे हटाया गया, जबकि दुद्धी ऐतिहासिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण तहसील मुख्यालय है। अधिवक्ताओं ने उपकोषागार की बहाली को क्षेत्रहित में आवश्यक बताया।
इसके अलावा हाथीनाला क्षेत्र के जंगलों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए नए मोबाइल टावर लगाने, दुद्धी में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अस्थि रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति और अल्ट्रासाउंड (सोनोग्राफी) मशीन उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
ज्ञापन पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय (एडवोकेट) तथा सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलोचन तिवारी (एडवोकेट) सहित दोनों बार संघों के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर रहे। उन्होंने मंत्री से क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई कराने की अपेक्षा जताई।

ये भी पढ़िए