सोनभद्र। घोरावल थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ में 12 सितंबर को मिले 60 वर्षीय राम सिंह गोंड के शव के मामले में पुलिस ने त्वरित और निर्णायक कार्रवाई करते हुए मृतक के पुत्र और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी हत्या के मामले में वांछित थे।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी घोरावल श्री राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक घोरावल श्री बृजेश सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 14 सितंबर को दोनों आरोपियों को उनके घर ग्राम तेंदुआ से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को ग्राम तेंदुआ के बाहर पगडंडी पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान राम सिंह गोंड पुत्र स्व. सुब्बा लाल, उम्र करीब 60 वर्ष के रूप में की। मृतक के नाक-मुंह से खून निकलने तथा गले पर खरोंच के निशान पाए गए थे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना घोरावल में मु0अ0सं0 224/2026, धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश जारी किए थे। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
गिरफ्तार अभियुक्त सूरज पुत्र स्व. राम सिंह, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी ग्राम तेंदुआ, थाना घोरावल,कलावती पत्नी स्व. राम सिंह गोंड, उम्र करीब 52 वर्ष, निवासी ग्राम तेंदुआ, थाना घोरावल।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, महिला हेड कांस्टेबल मीना यादव, कांस्टेबल योगेश पटेल एवं कांस्टेबल हरिश्याम शामिल रहे।

