रिपोर्ट मदन मोहन चंदौली। व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकान्त अग्रहरि ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से मुलाकात की। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि 2 सितंबर को एक व्यापारी की दुकान में घुसकर मारपीट एवं तोड़फोड़ की घटना हुई थी। जानकारी मिलने पर सकलडीहा अध्यक्ष कृष्णा सेठ व्यापारियों के साथ थाने पहुंचे और पीड़ित व्यापारी का मुकदमा दर्ज कराया। व्यापारियों का आरोप है कि करीब एक सप्ताह बाद 10 सितंबर को विपक्षी पक्ष की ओर से तीन व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया, जबकि घटना के समय नामजद दो व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं थे।

इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने क्षेत्र में आधी रात और सुबह के समय शराब की कथित बिक्री तथा बस्ती और बाजारों में गांजा बिक्री का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि इन गतिविधियों के कारण अराजक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं और आए दिन व्यापारियों एवं आम नागरिकों से विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है।
जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकान्त अग्रहरि ने कहा कि बाजारों में व्यापारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण मनबढ़ लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है।
उन्होंने सकलडीहा इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। व्यापारियों की ओर से इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली से संबंधित करीब पांच आवेदन भी पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए।
वहीं सकलडीहा अध्यक्ष कृष्णा सेठ ने आरोप लगाया कि व्यापारियों के प्रति सकलडीहा इंस्पेक्टर का रवैया ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यापारी पर दबाव बनाकर मुकदमे में सुलह कराने की बात करना उचित नहीं है। पुलिस की भाषा-शैली को लेकर भी व्यापारियों एवं आमजन में नाराजगी है।
जिलाध्यक्ष ने इलिया, चकिया और सैदूपुर के व्यापारियों की समस्याओं को भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गलत कार्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान राकेश मोदनवाल, अशोक केशरी, महमूद आलम, प्रदीप कुमार, कृष्णा सेठ, रत्नेश गुप्ता, ज्ञानप्रकाश सिंह, राजीव कुमार, अखिलेश कुमार, कमल सिंह और दयाराम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

