वाराणसी/सोनभद्र : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनभद्र पुलिस और SIT ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले के मास्टरमाइंड भोला प्रसाद की करीब 28.50 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को वाराणसी में कुर्क कर लिया गया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। विदेश भागने की फिराक में था मुख्य अभियुक्त
SIT की जांच में सामने आया कि अभियुक्त भोला प्रसाद (निवासी आदमपुर, वाराणसी) ने कफ सिरप की तस्करी के लिए एक संगठित सिंडिकेट बनाया था। उसने अपराध से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी। कुछ समय पूर्व अभियुक्त को कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह विदेश भागने की फिराक में था। वर्तमान में वह जिला कारागार सोनभद्र में निरुद्ध है।


कुर्क की गई संपत्तियों का विवरण माननीय न्यायालय के आदेश के बाद SIT ने धारा 107 BNSS के तहत वाराणसी के विभिन्न इलाकों में स्थित निम्नलिखित संपत्तियों को जब्त किया। आलीशान मकान “अचल संपत्ति” भेलूपुर के तुलसीपुर वार्ड में स्थित एक विशाल भवन, जिसकी कीमत लगभग 23 करोड़ रुपये आंकी गई है। जगतगंज (चेतगंज) स्थित मकान (कीमत 1.98 “करोड़” हबीबपुरा (लल्लापुरा) स्थित आवासीय भवन कीमत 1.05 करोड़” लक्जरी वाहन: अभियुक्त की 1.37 करोड़ रुपये की Mercedes-Benz (GLS-450D) कार को भी कुर्क किया गया है। बैंक खाते: इंडियन बैंक की संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय शाखा में जमा लगभग 1.21 करोड़ रुपये की नकदी और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को फ्रीज/कुर्क किया गया है।
पुलिस का कड़ा रुख
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, “यह कार्रवाई नशीली दवाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। अपराधियों द्वारा अवैध रूप से कमाई गई किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा।” इस दौरान वाराणसी के उपजिलाधिकारी (न्यायिक) पिंडरा और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। इस कार्रवाई से नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है।

