सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना दुद्धी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 05 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पोको कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना दुद्धी पुलिस ने विनोद मोड़, अमवार पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोककर तलाशी ली तो दोनों बैगों से कुल 5.100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेन्द्र पुत्र विश्राम पासवान एवं बलवन्त पुत्र स्व. राकेश खरवार, निवासी ग्राम सरईगढ़, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, मुख्य आरक्षी सर्वेश सिंह, मो. खालिद खाँ, भागीचन्द्र तथा आरक्षी तेजप्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

