नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर जयमोहिनी पोस्ता के पास हुआ हादसा, अस्पताल ले जाते समय अधेड़ ने तोड़ा दम
रिपोर्ट : मदन मोहन, (चंदौली) नौगढ़। नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर जयमोहिनी पोस्ता के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 45 वर्षीय सीताराम बिंद की मौत हो गई। बताया गया कि मधुपुर की ओर से आ रहे एक सीएनजी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार, सोनभद्र जिले के ग्राम औरहवा निवासी सीताराम बिंद मोटरसाइकिल से नौगढ़ से मधुपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे सीएनजी वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 112 पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल सीताराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
सीताराम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक अपने पीछे पत्नी बदामी, दो पुत्रों अखिलेश (22) और जनक (18) सहित परिवार को छोड़ गए हैं। पत्नी और दोनों बेटों के सामने परिवार के सहारे को खोने का गहरा संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

