मारकुंडी घाटी में स्कूली बस का ब्रेक फेल, चट्टान से टकराकर रोकी बस

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र की मारकुंडी घाटी में सोमवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक निजी स्कूल बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। बस अनियंत्रित होने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे घाटी में चट्टान से टकराकर रोक दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावकों में चिंता फैल गई, लेकिन बच्चों के सकुशल होने की खबर मिलते ही उन्होंने राहत की सांस ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाटी में बस का ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने नियंत्रण बनाए रखने का प्रयास किया और आखिरकार बस को चट्टान से टकराकर रोक दिया। चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते बस खाई में जाने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद अभिभावकों ने पुरानी और जर्जर स्कूली बसों के संचालन को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बसों की नियमित फिटनेस जांच, ब्रेक समेत अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ न हो। मारकुंडी घाटी जैसे संवेदनशील मार्ग पर स्कूली बस का ब्रेक फेल होने की घटना ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा और फिटनेस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़िए