सोनभद्र। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रशिक्षण एवं टूलकिट प्रदान किए जाने के लिए चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार को स्थगित कर दिया गया है। अपरिहार्य कारणों के चलते दर्जी और हलवाई ट्रेड के लिए प्रस्तावित साक्षात्कार अब निर्धारित तिथियों पर नहीं होंगे।
उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि कार्यालय में एक अप्रैल 2026 के बाद पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के चयन के लिए दर्जी ट्रेड का साक्षात्कार 11 एवं 12 अगस्त तथा हलवाई ट्रेड का साक्षात्कार 14 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से प्रस्तावित था।
उन्होंने बताया कि उक्त सभी साक्षात्कार अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिए गए हैं। नई तिथि और समय की सूचना बाद में अलग से जारी की जाएगी। संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे साक्षात्कार की नई तिथि की जानकारी के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, सोनभद्र से संपर्क बनाए रखें।

