बाइक की टक्कर के बाद हाईवा के सामने गिरे तीन युवक, पहिए के नीचे आई बाइक हुई क्षतिग्रस्त
दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र। एनएच-39 पर जाबर खजुरी पेट्रोल पंप के सामने सोमवार सुबह बाइक की टक्कर के बाद बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पेट्रोल पंप से निकल रही प्लेटिना बाइक की टक्कर से दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक अनियंत्रित होकर हाईवा की चपेट में आने की स्थिति में पहुंच गए। हालांकि, हाईवा चालक की सतर्कता और युवकों की सूझबूझ से तीनों की जान बच गई। हादसे में एक युवक घायल हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे एक प्लेटिना बाइक सवार पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही एनएच-39 पर पहुंचा, उसी दौरान दुद्धी से खजुरी की ओर जा रही हीरो बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्लेटिना चालक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। टक्कर लगते ही हीरो बाइक पर सवार तीनों युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान जयपुर से खड़कपुर (झारखंड) की ओर जा रहा हाईवा भी वहां से गुजर रहा था। खतरा भांपते ही तीनों युवकों ने बाइक से छलांग लगा दी। उनकी बाइक हाईवा के अगले पहिए के नीचे आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हाईवा चालक ने समय रहते वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
एक युवक गंभीर घायल, दो सुरक्षित
हादसे में खजुरी निवासी बिट्टू (19) पुत्र राजू के पैर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों ने उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बाइक पर सवार उसका भाई और रिश्तेदार सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप के सामने अव्यवस्थित पार्किंग पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए पेट्रोल पंप और मोड़ के आसपास बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को भी जिम्मेदार बताया। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर वाहनों के अनियंत्रित तरीके से खड़े रहने से अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस से घटनास्थल पर अनुचित पार्किंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा पेट्रोल पंप के सामने यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति न हो।

