तेलगुड़वा तिराहे पर दर्दनाक हादसा; करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया बल्कर, दो साथी बाल-बाल बचे
(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा तिराहे के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। एचपी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बल्कर ने साइकिल सवार तीन किशोरों को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में एक किशोर बल्कर की चपेट में आ गया और वाहन उसे करीब सौ मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान झपरहवा अगरिया बस्ती निवासी शिव मंगल के रूप में हुई है। हादसे के दौरान उसके साथ साइकिल पर मौजूद आशीष कुमार और रूपेश कुमार बाल-बाल बच गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
टक्कर के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटता गया बल्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों किशोर साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे बल्कर ने उन्हें साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शिव मंगल बल्कर की चपेट में आ गया और वाहन उसे करीब सौ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर रूप से घायल किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद बल्कर चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने की कोशिश में था। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से पुलिस ने बल्कर को पकड़ लिया और उसे कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।

