महंत इंडेन गैस एजेंसी की मनमानी से उपभोक्ता त्रस्त, 70 दिन बाद भी नहीं मिला गैस सिलेंडर!

सोनभद्र (संतोष दुबे)बभनी : बरसात के इस कठिन मौसम में एक तरफ जहां आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं म्योरपुर क्षेत्र के कुदरी स्थित महंत इंडेन गैस एजेंसी, कुदरी की कथित लापरवाही और तानाशाही ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पिछले 70 दिनों से गैस न मिलने के कारण एक उपभोक्ता का चूल्हा बुझने की कगार पर पहुंच गया है।

70 दिन बीते, पर नहीं मिला डीएसी (DAC) नंबर

बभनी थाना क्षेत्र के चैनपुर निवासी प्रार्थनी कोशिल्या देवी (पत्नी राम विलास दुबे) ने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रार्थनी के अनुसार, उन्हें आखिरी बार गैस की डिलीवरी 10 मई के लगभग मिली थी। इसके बाद से नियमानुसार और बार-बार बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें आज तक DAC नंबर प्राप्त नहीं हुआ है। बरसात के इस मौसम में खाना पकाने में हो रही भारी असुविधा से पूरा परिवार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है।
इस समस्या को लेकर जब एजेंसी के मैनेजर से फोन पर बात की गई तो उनका कहना है कि हम तुम्हारे DAC का ठेका नहीं लिए हैं नहीं जा रहा है तो हम क्या करे एक बार में नहीं जा रहा है तो 100 बार हजार बार लाख बार मीस काल करो जब Dac नबर मिलेगा तब सिलेंडर देगे।

कालाबाजारी जोरों पर, 1500 से 1600 रुपए में बिक रहा सिलेंडर

एक तरफ जहां वैध उपभोक्ता हफ्तों चक्कर काटने को मजबूर हैं, वहीं सूत्रों का दावा है कि क्षेत्र के कुछ चुनिंदा ठिकानों पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी धड़ल्ले से चल रही है। आरोप है कि ब्लैक मार्केट में यही सिलेंडर 1500 से 1600 रुपए तक की मनमाने दामों पर बेचे जा रहे हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि जरूरतमंदों का हक छीनकर मुनाफे का खेल खेला जा रहा है।

जिलाधिकारी महोदय से त्वरित हस्तक्षेप की मांग

पीड़ित प्रार्थनी कोशिल्या देवी ने जिलाधिकारी महोदय, सोनभद्र का गंभीर ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने मांग की है कि महंत इंडेन गैस एजेंसी की इस लचर व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, कालाबाजारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो, और क्षेत्र के उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से रसोई गैस उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस बरसात में किसी गरीब का चूल्हा न बुझे।

ये भी पढ़िए